विभा पटेल ने नगर निगम को बना दिया था भ्रष्टाचार का अड्डा: विश्वास सारंग

भोपाल। वाल्मीकि समाज और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी विभा पटेल के विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। सत्ताधारी दल बीजेपी के नेता विभा पटेल के खिलाफ जमकर बयान बाजी कर रहे हैं। बीजेपी नेताओं का कहना है कि विभा पटेल ने 5 साल महापौर रहते हुए नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेसियों द्वारा खुद विभा पटेल का विरोध करने से कांग्रेस की गुटबाजी प्रदर्शित हो रही है। विभा पटेल को कांग्रेस के कार्यकर्ता और जनता वार्ड में घुसने नहीं दे रहे हैं, यह कांग्रेस की स्थिति को इंगित करता है। उन्होंने जिस तरह 5 साल महापौर रहते हुए नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाया था, भोपाल की जनता को वो याद है। आम जनता और कांग्रेस के कार्यकर्ता ही विभा पटेल पर आरोप लगा रहे। जनता ने बहुत सारे महोल्लों में बैनर लगाए हैं कि विभा पटेल की वहां एंट्री बैन है।
नामांकन वापस लेकर कार्यकर्ता कर रहे हैं बीजेपी प्रत्याशी का समर्थन
मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि बीजेपी में ऐसी कोई स्थिति नहीं है कि कोई कार्यकर्ता पार्टी से बगावत कर रहा हो। कई कार्यकर्ताओं ने अपना नामांकन वापिस ले लिया है। कुछ कार्यकर्ता अपना नामांकन वापस नहीं ले पाए परंतु उसमें से कई लोग बीजेपी प्रत्याशियों को समर्थन दे रहे हैं।