शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों का प्रोबेशन पीरियड 4 साल से घटाकर 2 साल करेगी शिवराज सरकार
- पूर्व की कमलनाथ सरकार ने शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों का प्रोबेशन पीरियड 4 साल किया था
भोपाल। मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार एक बार फिर पूर्व की कमलनाथ सरकार का एक और फैसला बदलने जा रही है। पूर्व सीएम कमलनाथ ने अपनी सरकार के समय मध्य प्रदेश में नए अधिकारी-कर्मचारियों का प्रोबेशन पीरियड चार साल किया था। वहीं अब शिवराज सरकार इसे घटाकर 2 साल करने जा रही है।
पूर्व की कमलनाथ सरकार ने अपने कार्यकाल में निकाली गई सरकारी नौकरियों में चार साल का प्रोबेशन पीरियड तय करते हुए यह फैसला किया था कि नियुक्ति के समय कर्मचारी को 70 प्रतिशत, दूसरे वर्ष 80 प्रतिशत, तीसरे वर्ष 90 प्रतिशत और चौथे वर्ष से 100 प्रतिशत अर्थात पूरा वेतन मिलना प्रारंभ होगा। जबकि शिवराज सरकार अब इसे घटकार दो साल करने जा रही है। अभी वित्त विभाग इस प्रस्ताव पर विचार मंथन कर रहा है, सभी विभागों की सहमति बनने के बाद जल्द ही इसे अमल में लाया जाएगा। जिसके बाद अधिकारी-कर्मचारियों को दो साल का प्रोबेशन पीरियड पूरा कर उसका 100 प्रतिशत वेतन मिलने लगेगा। 2018 से अबतक भर्ती हुए करीब 5 हजार शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।