जनता के हित में शिवराज कैबिनेट ने लिए 7 अहम फैसले, 25 सितंबर तक चलेगा बूस्टर डोज टीकाकरण अभियान

भोपाल। शुक्रवार को हुई शिवराज कैबिनेट की बैठक में 7 अहम मुद्दों पर सहमति बनी। प्रदेश की जनता को फुल वैक्सीनेटेड करने के लिए शिवराज सरकार बूस्टर डोज लगाने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाएगी। वहीं सिकल सेल एनीमिया के लिए भी नवीन योजना एवं इसकी राशि को कैबिनेट के द्वारा मंजूरी दी गई है।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कैबिनेट बैठक में हुए अहम निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि टीकाकरण का बूस्टर डोज अभियान प्रदेश में 21 जुलाई से 25 सितंबर तक चलाया जाएगा। बीच-बीच में इसके महाभियान भी चलाए जाएंगे। स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना में स्टाम्प ड्यूटी में छूट दी गई है, अब केवल 10 रूपए फीस देनी होगी। वहीं राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान अंतर्गत स्वीकृत व्यवसायिक महाविद्यालय राजगढ़ में 73 पदों का सृजन किया गया है। चिकित्सा महाविद्यालय भोपाल में पीजी सीट की वृद्धि पर सहमति दी गई है। चिकित्सा महाविद्यालय ग्वालियर में एक हजार बिस्तरों के निर्माण की स्वीकृति भी दी गई है।
राजस्व मंडल संहिता में संशोधन
शिवराज कैबिनेट ने राजस्व मंडल संहिता में संशोधन किया। अभी इसमें एक ही व्यक्ति बैठकर निर्णय करता था, लेकिन अब उसे बैंच बना दिया गया है। अब खण्डपीठ इसमें निराकरण करेगी। कृषि एवं किसान मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मुरैना में बीज फॉर्म स्थापित किया जाएगा।