एमपी के मेडिकल कॉलेजों में हुई भगवान धनवंतरी की पूजा, मंत्री विश्वास सारंग बोले: भगवान का रूप हैं डॉक्टर

भोपाल। हिंदी में मेडिकल की पढ़ाई शुरु करवाने वाला देश का पहला राज्य बनने के बाद अब मध्य प्रदेश ने अपने नाम एक और उपलब्धि हासिल की है। मध्यप्रदेश में धनतेरस के अवसर पर प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में भगवान धन्वंतरि की पूजा की गई। अब प्रतिवर्ष धनतेरस के अवसर पर सभी मेडिकल कॉलेजों में भगवान धनवंतरी की पूजा होगी। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि भगवान धनवंतरी सुख, समृद्धि एवं निरोगी काया प्रदान करते हैं इसीलिए सबसे पहले उनका आशीर्वाद लेना जरूरी है।
मंत्री विश्वास सारंग ने भपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में भगवान धन्वंतरि की पूजा की। वैदिक मंत्रोचार के साथ भगवान धन्वंतरि की पूजा करते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने कहा आज भगवान धन्वंतरि का पूजन करने के पीछे हमारा उद्देश्य है कि जो डॉक्टर आने वाले समय में जनता का इलाज करेंगे उन्हें भगवान धन्वंतरि का आशीर्वाद मिले और अस्पतालों में जो मरीज भर्ती हैं उनके स्वास्थ्य का भी हमने आशीर्वाद मांगा है। डॉक्टर पीडित मानवता की सेवा के संकल्प के साथ अपना जीवन जीते हैं, निश्चित रूप से पृथ्वी पर अगर भगवान के रूप में कोई व्यक्ति है तो वह डॉक्टर हैं। निरोगी काया ही हमारे यहां सबसे बड़ा धन और संपत्ति मानी जाती है।