MP : गौ-काष्ठ के उपयोग से लकड़ी बचेगी और गौ-शालाएं स्वावलंबी होंगी- CM शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेशवासी आनंद के वातावरण में उत्साह से होली मनाएं, पर आग्रह है कि होलिका दहन गोबर से बनी गौ-काष्ठ से ही करें। मैं मुख्यमंत्री निवास पर गौ-काष्ठ से ही होली जलाऊंगा। हमें पेड़ों को कटने से बचाना है। गौ-काष्ठ के उपयोग से वातावरण शुद्ध होगा, पर्यावरण की रक्षा होगी और गौ-शालाओं की आय भी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल में माता मंदिर के पास लगे गौ-काष्ठ केन्द्र पहुंचकर, होलिका दहन के लिए गौ-काष्ठ खरीदा। मुख्यमंत्री चौहान ने इस अवसर पर वहां उपस्थित जनसमुदाय को पेड़ नहीं काटने और गौ-काष्ठ से ही होलिका दहन करने का संकल्प दिलाया।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। गत दो वर्ष से कोविड के प्रभाव के कारण होली, बहुत सावधानियों के साथ मनानी पड़ी। अब कोरोना पर नियंत्रण है। किसानों की फसलें पककर तैयार हैं, और उनकी कीमतें भी सही हैं। गरीबों के कोविड काल के बिजली के बिलों का भुगतान भी राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा। कृषकों को फसल बीमा योजना की राशि भी प्राप्त हो रही है। कर्मचारियों को 11 प्रतिशत महंगाई भत्ते की सौगात मिली है। अत: इस आनंद के वातावरण में प्रदेशवासी उत्साह से होली मनाएं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि होली रंगों का त्यौहार है, यह भाई-चारे, प्रेम और सद्भाव का भी त्यौहार है। पेड़ लगाना, जीवन रोपने के समान है, यह काटने की वस्तु नहीं है। होलिका दहन के लिए प्राय: हरे-भरे पेड़ काटकर उन्हें जला दिया जाता है। हमें पेड़ नहीं काटने का संकल्प लेना होगा। गौ-काष्ठ से ही होलिका दहन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने इस दिशा में कार्य कर रही गौ-काष्ठ समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था ने होलिका दहन के अलावा अंतिम संस्कार में गौ-काष्ठ के उपयोग के लिए अभियान चलाया है, यह अभिनंदनीय पहल है। इससे एक ओर लकड़ी बचेगी साथ ही गौ-शालाएं भी स्वावलंबी बनेंगी। गोबर और गौ-मूत्र का अधिक प्रभावी रूप से उपयोग करने के लिए राज्य सरकार, गंभीरता से प्रयास कर रही है। इस प्रयास में समितियों को भी सहभागी बनाया जा रहा है। राज्य सरकार का यह प्रयास है कि गाय रखना आर्थिक रूप से लाभकारी हो, व्यक्तियों और संस्थाओं को केवल दूध ही नहीं गोबर और गौ-मूत्र से भी आय प्राप्त हो।

मुख्यमंत्री चौहान ने गौ-काष्ठ खरीदने के साथ ही लोगों को गौ-काष्ठ लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री चौहान ने केन्द्र पर गौ-काष्ठ लेने आयीं रूपाली ठाकुर, दिलीप और सुनील कुशवाह की गौ-काष्ठ क्रय की रसीदें भी काटी। केन्द्र पर दस रूपए किलो की दर से गौ-कोष्ठ उपलब्ध कराया गया।

……..

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Open chat
Hello 👋
For more details contact us