मंत्री भूपेंद्र सिंह ने लगाया कांग्रेस पर आदिवासियों का शोषण करने का आरोप

भोपाल। एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद से पूरी बीजेपी में उत्साह का माहौल है। वहीं 19 कांग्रेसी विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग करने के बाद से बीजेपी जमकर कांग्रेस पर निशाना साध रही है। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि कांग्रेस वोट के लिए आदिवासियों का शोषण करती है।
मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा ऐसा पहली बार हुआ कि कोई आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन रही है। उनका कांग्रेस ने विरोध किया था, जबकि पूरा देश द्रोपदी मुर्मू के साथ खड़ा था। देशभर में क्रॉस वोटिंग हुई, यह इस बात का प्रमाण है कि पूरी विपक्षी एकता खंडित हुई है। बीजेपी और एनडीए ने जिसको उम्मीदवार बनाया उसका कांग्रेस ने विरोध किया था। देश मे आदिवासी समाज कांग्रेस से नाराज है। आने वाले चुनावों में कांग्रेस को इसके लिए मुँह की खानी पड़ेगी। कांग्रेस का चरित्र सामने आ गया है। वह सिर्फ वोट पाने के लिए आदिवासियों का शोषण करती रही है।