एमपी में संचालित मदरसों की जानकारी जुटा रहा बाल अधिकार संरक्षण आयोग, जल्द फंड की करेगा जांच

भोपाल। मध्य प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग प्रदेश में संचालित हो रहे मदरसों की जानकारी जुटा रहा है। आयोग मदरसों को मिलने वाले फंड की भी जांच करेगा। बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने मदरसा बोर्ड से प्रदेश भर में संचालित हो रहे वैध मदरसों की जानकारी मांगी है।

मध्य प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य बृजेश चौहान ने सचिव मध्य प्रदेश मदरसा बोर्ड को एक पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में लिखा कि बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा मदरसों का निरीक्षण करने पर पाया गया कि ज्यादातर मदरसे अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। उन्होंने जानकारी मांगी है कि प्रदेश भर में जिलेवार कितने मदरसे बोर्ड में पंजीकृत हैं। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा है कि कितने मदरसों को शिक्षा विभाग द्वारा अनुदान दिया जा रहा है। मध्य प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने यह पूरी जानकारी मध्य प्रदेश मदरसा बोर्ड भोपाल के सचिव से 1 सप्ताह में उपलब्ध करवाने को कहा है।