केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज ने मध्यप्रदेश के किसानों को दी सौगात, किसानों से सोयाबीन MSP पर ही खरीदा जाएगा
केन्द्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के सोयाबीन किसानों को बड़ी सौगात दी है। शिवराज ने मध्यप्रदेश में सोयाबीन की खरीदी एमएसपी पर करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि, कृषि और किसान कल्याण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों की सेवा हमारे लिए भगवान की पूजा जैसी है। पिछले दिनों मध्यप्रदेश के किसान चिंतित थे। सोयाबीन एमएसपी के नीचे बिक रहा था। पहले हमने महाराष्ट्र, कर्नाटक जैसे राज्यों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सोयाबीन खरीदी की अनुमति दी थी।
शिवराज ने बताया कि, कल रात को ही एमएसपी पर सोयाबीन खरीदी का मध्यप्रदेश सरकार का प्रस्ताव आया है, उस प्रस्ताव को हमने स्वीकृति दे दी है। मध्यप्रदेश सरकार के किसान भी चिंता ना करें, सोयाबीन एमएसपी की जो दरें हैं, उस पर खरीदा जाएगा। किसान के पसीने की पूरी कीमत दी जाएगी।