मोती मस्जिद के गुंबद से कलश चोरी, दीवार फांदकर आरोपी मस्जिद परिसर में हुआ था दाखिल

भोपाल। राजधानी के बीचो बीच स्थित मोती मस्जिद को चोरों ने अपने निशाना बना लिया। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चोरों ने मोती मस्जिद के गुंबद पर लगे सोने की परत चढे कलश को चोरी कर लिया। कलश का वजन काफी अधिक होने के चलते चोर पूरा कलश नहीं ले जा सका। वह केवल कलश का ऊपरी हिस्सा ही चोरी कर ले गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक तलैया थाना क्षेत्र स्थित मोती मस्जिद के गुंबद से कलश को नदारद देख गुरुवार सुबह 10 बजे कुछ राहगीरों ने मस्जिद के शाही औकाफ सचिव आजम तिर्मीजी को सूचना दी थी। आजम ने मस्जिद के ऊपर जाकर देखा तो गुंबद के ऊपर लगा कलश का ऊपरी हिस्सा नदारद था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना तलैया थाना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि कलश पूरी तरह से सोने का नहीं बल्कि तांबे का बना हुआ था, उसके ऊपर सोने की मोटी परत चढ़ाई गई थी। पुलिस ने मस्जिद में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए लेकिन वहां पर कोई आरोपी नजर नहीं आया केवल कुछ सुरक्षाकर्मियों का मूवमेंट नजर आया जोकि बाद में सो गए थे। संभावना जताई जा रही है कि आरोपी मस्जिद की दीवार के सहारे कलश तक पहुंचा होगा।