आजाद भारत के पहले वोटर श्याम सरन नेगी का निधन, 2 नवंबर को किया था मतदान

हिमाचल प्रदेश। आजाद भारत के पहले वोटर श्याम सरन नेगी का देर रात हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में निधन हो गया। आजादी के बाद जब भारत में वर्ष 1951-52 में पहली बार आम चुनाव हुए थे तो सबसे पहले श्याम सरन नेगी ने वोट डाला था। उनके निधन पर राष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत तमाम जनप्रतिनिधियों ने दुख व्यक्त किया है।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर निवासी 106 वर्षीय श्याम सरन नेगी का शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे निधन हो गया। देश के सबसे बुजुर्ग मतदाता कहे जाने वाले श्याम सरन हाल ही में निर्वाचन अधिकारी को फार्म-12डी लौटाकर चर्चा में आए थे। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी से कहा था कि मैं मतदान केंद्र जाकर ही अपना वोट डालूंगा हालांकि बाद में तबीयत खराब होने के चलते 2 नवंबर को चुनाव अधिकारियों ने उनके किन्नौर के काल्पा स्थिति घर जाकर ही पोस्टल बैलेट पेपर से वोट डलवाया था। ज्ञात हो कि 12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है।
राजकीय सम्मान के साथ दी जा रही अंतिम विदाई
पीएम मोदी ने आजाद भारत के पहले वोटर श्याम सरन नेगी के निधन पर ट्वीट कर शोक जताया है। उन्होंने बताया कि श्याम सरन देश के लोकतंत्र को मजबूत करने की एक अहम कड़ी थे। आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा है। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर श्मशान घाट तक ले जाया गया है। यहां पूरे मान सम्मान के साथ नेगी को अंतिम विदाई दी जा रही है।