शिवराज सिंह चौहान का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा- INDI ब्लॉक बना हुल्लड़ ब्लॉक, लोकतंत्र को शोरतंत्र बना रहा विपक्ष।

नई दिल्ली, 23 जुलाई- केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्षी दलों और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। शिवराज सिंह ने कहा कि, विपक्ष लोकतंत्र को हुल्लड़, हंगामा और हुड़दंग तंत्र में बदलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंडीब्लॉक अब “हुल्लड़ ब्लॉक” बन चुका है और उनका उद्देश्य केवल संसद में शोरगुल करना रह गया है, न कि जनहित के मुद्दों पर चर्चा करना।
शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, बाहर आकर ये कहते हैं कि, चर्चा करो, लेकिन जैसे ही सदन में चर्चा शुरू करने का समय आता है, वो उससे भाग जाते हैं। ये पाखंड है, देश को भ्रमित करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि, कल संसद में जिन 20 सवालों को सूचीबद्ध किया गया था, उनमें से 11 सवाल सीधे तौर पर किसानों, गरीबों और गांवों से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित थे। जिनमें प्राकृतिक आपदा से प्रभावित फसलों, किसानों की फसल खराबी से संबंधित राहत उपाय, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, और मनरेगा के अंतर्गत रोजगार की स्थिति जैसे सवाल थे। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, जब हम सदन में जवाब देते हैं, तो केवल विपक्ष को नहीं, बल्कि देश की जनता को जवाब देते हैं। मैं हाथ जोड़ता रहा कि चर्चा हो जाने दो, लेकिन वो हंगामा करते रहे।
शिवराज सिंह चौहान ने देश के किसानों और गरीबों से विशेष अपील करते हुए कहा कि, वो एक बार टीवी खोलकर संसद का दृश्य जरूर देखें और विपक्ष का असली चरित्र को जानें। यह डबल स्टैंडर्ड है, बाहर कुछ और, भीतर कुछ और। देश की जनता को अब सब कुछ देखना और समझना चाहिए। बता दें कि, संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्षी दलों द्वारा लगातार नारेबाजी और हंगामे के चलते कार्यवाही बाधित होती रही है। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि, विपक्ष जनहित के मुद्दों पर बहस से भाग रहा है और केवल राजनीतिक स्टंटबाज़ी कर रहा है।