पीएम मोदी ने की सीएम की तारीफ, बोले: भाई शिवराज और उनकी सरकार पूरे समर्पण भाव से श्री महाकाल लोक के निर्माण में लगे रहे

उज्जैन। मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी में मंगलवार दोपहर से ही जय महाकाल, जय-जय महाकाल के नारे गूंजते रहे। शाम को पीएम मोदी ने वैदिक मंत्रोचार के बीच रक्षा सूत्र से बनाई गई शिवलिंग की 15 फीट ऊंची प्रतिकृति से रिमोट के जरिए आवरण हटाया और श्री महाकाल लोक का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। पीएम ने बताया कि अब उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन के साथ ही लोगों को महाकाल की महिमा के भी दर्शन होंगे। साथ ही उन्होंने इस भव्य श्री महाकाल लोक के निर्माण के लिए सीएम शिवराज और उनकी पूरी सरकार की तारीफ की।

श्री महाकाल लोक का लोकार्पण करने के बाद पीएम मोदी ने ई-रिक्शा से श्री महाकाल लोक परिसर का अवलोकन किया। इसके बाद पीएम मोदी ने उज्जैन के कार्तिक मेला ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने मंच से कहा कि भाई शिवराज और उनकी सरकार का अभिनंदन जिसने पूरे समर्पण भाव से इस महाकाल लोक के निर्माण का काम किया। जब तक श्री महाकाल लोक जैसे आस्था के केंद्र जागृत है तब तक भारत की चेतना जागृत है, आत्मा जागृत है। शिव ही ज्ञान है और ज्ञान ही शिव है शिव के दर्शन में ही ब्रह्मांड का दर्शन। सफलता के शिखर तक पहुंचने के लिए जरूरी है कि राष्ट्र अपने सांस्कृतिक उत्कर्ष को छुए और अपनी पहचान के साथ गौरव से सिर उठाकर खड़ा रहे। महाकाल लोक में लौकिक कुछ भी नहीं है, यहां साधारण कुछ भी नहीं है सब आलौकिक और अविस्मरणीय है। जब बाबा महाकाल प्रसन्न होते हैं तो उनके आशीर्वाद से ऐसे ही भव्य स्वरूप का निर्माण होता है।
उज्जैन प्रलय के प्रभाव से मुक्त है: पीएम
पीएम ने बताया कि उज्जैन प्रलय के प्रभाव से मुक्त हैं। यहां भगवान श्री कृष्ण ने शिक्षा प्राप्त की, इस धरती ने राजा विक्रमादित्य का वैभव देखा है। उज्जैन में 84 शिवलिंग हैं, 4 महावीर, 6 विनायक, 8 भैरव, नवग्रह, 10 विष्णु, 11 रूद्र, 12 आदित्य, 24 देवियां और 88 तीर्थ हैं और इन सबके केंद्र में राजाधिराज, कालाधिराज महाकाल विराजमान हैं। आजादी के अमृत काल में भारत ने गुलामी की मानसिकता से मुक्ति और अपनी विरासत पर गर्व का आह्वान किया है। इसीलिए आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरी गति से हो रहा है, काशी, सोमनाथ, केदारनाथ, बद्रीनाथ तीर्थ क्षेत्र में विकास के नए अध्याय लिखे जा रहे हैं।
पीएम मोदी के मार्गदर्शन में भारत बन रहा विश्वगुरु: शिवराज
कार्यक्रम में सीएम शिवराज ने कहा भारत अत्यंत प्राचीन और महान राष्ट्र जब दुनिया के तथाकथित विकसित देशों में सभ्यता का सूर्योदय नहीं हुआ था तब हमारे भारत में ऋषियों ने वेदों की ऋचाएं रच दी थी। सीएम ने बताया कि एक नरेंद्र (स्वामी विवेकानंद) ने कहा था कि भारत विश्व गुरु बनेगा और आज दूसरे नरेंद्र (पीएम मोदी) इसे पूरा कर रहे हैं। वर्ष 2016 में मोदी जी जब उज्जैन पधारे थे तो उन्होंने कहा था कि दर्शन और पूजन के अलावा यहां कुछ और कार्य भी होना चाहिए। उज्जैन में आयोजित विचार महाकुंभ में 51 बिंदु निकल कर सामने आए थे उसमें से एक अहम बिंदु यह था कि उज्जैन में श्री महाकाल लोक परिसर बनना चाहिए। समुद्र मंथन से जब विष निकला और सृष्टि के विनाश का खतरा पैदा हुआ तो भगवान शिव ने विश अपने हलाहल में धारण किया था और इसी वजह से वह नीलकंठ कहलाए।