इंदौर और भोपाल में विकास के लिये एक रूपया तो ग्वालियर को मिलेगा सवा रूपया
ग्वालियर में आज विभिन्न विकास कार्यो के शुरुआत करते हुए मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में 75 करोड़ रूपए से अधिक की राशि के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जायेगी। इंदौर और भोपाल को अगर विकास के लिये एक रूपया दिया जायेगा तो ग्वालियर को राज्य सरकार सवा रूपया देगी। भारतीय जनता पार्टी की सोच में विकास और जनकल्याण है। यहाँ तीन-तीन विश्वविद्यालय हैं। एयरपोर्ट तथा रेलवे स्टेशन का विकास, 1000 बिस्तर का अस्पताल सहित अनेकों कार्य हो रहे हैं। ग्वालियर का गौरव निरंतर बढ़ता रहे, इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा है कि ग्वालियर में जेसी मिल के श्रमिकों को आवास के पट्टे देने का कार्य सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि किलागेट के विकास के साथ जेसी मिल स्कूल और कॉलेज को कोई कानूनी परेशानी न हुई तो शासकीय आधिपत्य में लेने की कार्रवाई की जायेगी।
केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि वर्ष 2003 से पहले मध्यप्रदेश में विकास के लिये पैसा ही नहीं है, कहा जाता था। पूरा प्रदेश अंधकारमय था। वर्ष 2003 के बाद प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी सरकार ने विकास के नए द्वार खोले। प्रदेश में चौतरफा विकास दिखाई दे रहा है। जन-कल्याण की प्रदेश की योजनाओं को अन्य राज्यों ने भी अंगीकार किया है।