महंगाई-जीएसटी के मुद्दे पर कांग्रेस ने किया सदन से सड़क तक प्रदर्शन, पुलिस ने राहुल- प्रियंका समेत कई कांग्रेसियों को लिया हिरासत में
दिल्ली। कांग्रेस ने आज मोदी सरकार के खिलाफ देशभर में मोर्चा खोल दिया। महंगाई और जीएसटी को मुद्दा बनाते हुए सोनिया गांधी ने काले कपड़े पहन कर संसद में नारेबाजी की। वहीं राहुल गांधी कांग्रेसी नेताओं के साथ पैदल ही राष्ट्रपति भवन का घेराव करने निकल गए। पुलिस ने कई कांग्रेसियों को हिरासत में लिया है।
दिल्ली में आज कांग्रेस ने योजनाबद्ध तरीके से जगह-जगह प्रदर्शन किया। सोनिया गांधी ने संसद में कांग्रेसी सांसदों के साथ मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने जीएसटी बढ़ाने और महंगाई के लिए केंद्र सरकार को दोषी करार दिया। इस बीच राहुल गांधी अपने समर्थकों और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ राष्ट्रपति भवन तक पैदल मार्च करने निकल गए। पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोका तो कांग्रेसी बैरिकेडिंग तोड़ने लगे। इस पर पुलिस ने राहुल गांधी को हिरासत में ले लिया। वहीं प्रियंका गांधी दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय से अपने समर्थकों के साथ पीएम आवास का घेराव करने निकल पड़ी उन्हें जब रास्ते में पुलिस ने रोका तो वह वहीं धरने पर बैठ गई। काफी मान मनोव्वल के बाद भी उन्होंने धरना समाप्त नहीं किया तो पुलिस ने प्रियंका गांधी, अजय माकन, सचिन पायलट, हरीश रावत समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।
मध्य प्रदेश में भी कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया
अग्नीपथ योजना और जीएसटी बढ़ाने के विरोध में मध्य प्रदेश में कई जगह कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। भोपाल में सुबह 11 बजे से कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा, कुणाल चौधरी, आरिफ मसूद, सुरेश पचोरी, डाॅ गोविंद सिंह, कांतिलाल भूरिया समेत सैकड़ों कांग्रेसी रोशनपुरा चौराहे से पैदल ही राजभवन का घेराव करने निकल पड़े। पुलिस ने इन लोगों को राजभवन जाने से रोका तो यह सड़क पर धरने पर बैठ गए। करीब 1 घंटे तक नारेबाजी करने के बाद इनका प्रदर्शन समाप्त हुआ।