Rahul Gandhi पर पूर्व CM शिवराज का तंज, कहा- राहुल गांधी कांग्रेस के साथ अन्याय कर रहे हैं

शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ मध्यप्रदेश में प्रवेश कर रही है। ऐसे में लोकसभा चुनाव की राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर तंज किया है। शिवराज ने कहा- राहुल गांधी कांग्रेस के साथ अन्याय कर रहे हैं…जहां-जहां राहुल गांधी के पैर पड़े वहां कांग्रेस का बंटाधार हुआ।
जहां-जहां राहुल गांधी के पैर पड़े वहां- वहां कांग्रेस का बंटाधार हुआ…
बता दें, लोकसभा चुनाव की तैयारी और उनके उम्मीदवारों की घोषणा जैसे – जैसे नजदीक आती जा रही है चुनावी सरगर्मी बढ़ रही है और इसी के साथ बढ़ रहा बयानबाजी और तंजो का दौर। राहुल गांधी पर शिवराज ने कहा – न्याय यात्रा में स्वयं श्री राहुल गांधी भी कांग्रेस के साथ अन्याय कर रहे हैं। कांग्रेस को इस हालत में पहुंचाने का श्रेय उन्हीं को जाता है और कांग्रेस के नेता खुद राहुल गांधी के साथ अन्याय कर रहे हैं। वो जहां जाते है कई जगह लोग कांग्रेस को छोड़ -छोड़ कर भागने लगते हैं। लगातार कांग्रेस के नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं। राहुल गांधी जी की यात्रा पहले भी जहां-जहां से गुजरी थी मध्यप्रदेश में, वहां-वहां कांग्रेस गुजर गई सब सीटों पर हार गई। जहां जहां पांव पड़े राहुल के वहां-वहां कांग्रेस का बंटाधार।
शिवराज ने आगे कहा कि वो जहां जाते हैं ऐसी बातें करते हैं कि बची-खुची कांग्रेस भी साफ हो जाती है। पहले भी विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस बुरी तरह पराजित हुई है। अब लोकसभा के चुनाव में वो जहां-जहां से गुजर रहे हैं वहां भी और पूरे मध्यप्रदेश में 29 की 29 सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।
महात्मा गांधी का सपना पूरा कर रहे राहुल- शिवराज
महात्मा गांधी को याद करते हुए शिवराज ने कहा कि सच में तो राहुल गांधी जी महात्मा गांधी जी की इच्छा की पूर्ति कर रहे हैं। जो उन्होंने आजादी के बाद प्रकट की थी कि कांग्रेस का उद्देश्य पूरा हो गया देश की आजादी कांग्रेस का लक्ष्य था। इसलिए कांग्रेस को अब समाप्त कर देना चाहिए। स्वर्गीय श्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी ने गांधी जी की बात नहीं मानी और अपने राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए कांग्रेस बनाए रखी। लेकिन राहुल गांधी जी जरूर महात्मा गांधी जी की शिक्षा को, (कांग्रेस को समाप्त कर दो) पूरी करेंगे। वो जहां जा रहे हैं वहां कांग्रेस समाप्त होती चली जा रही है।