द्रौपदी मुर्मू ने हमेशा जनता के लिए काम किया, अपने लिए कोई घर नहीं बनाया: सीएम शिवराज

- ऐसा भव्य स्वागत मेरी जिंदगी में पहली बार हुआ: द्रौपदी मुर्मू
भोपाल। मध्यप्रदेश में शुक्रवार को एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का भव्य स्वागत हुआ। सीएम समेत बीजेपी के कई दिग्गजों ने उनकी अगवानी की। जनजातीय परंपरागत तरीके से स्टेट हैंगर पर उनका स्वागत हुआ। सीएम शिवराज ने बताया कि द्रौपदी मुर्मू ने राज्यपाल रहते हुए भी अपने लिए कोई घर, मकान नहीं बनाया, वह वापस लौट कर अपने गांव ही गई। उन्होंने निस्वार्थ भाव से जनता के लिए काम किया। वहीं द्रौपदी मुर्मू ने मध्यप्रदेश में भव्य स्वागत पर खुशी जाहिर की।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा हमारे जनजातीय कलाकार स्टेट हैंगर और यहां घंटों से नाच रहे हैं। इनमें कोई बनावटपन नहीं है, ये सारा हृदय का आनंद है जो नृत्य के रूप में प्रकट हो रहा। द्रौपदी मुर्मू का जीवन सच में प्रेरणा देने लायक है। सब जानते हैं कि भारतीय नारी के जीवन से पति का जाना कितनी बड़ी घटना होती है, लेकिन उन्होंने धैर्य और संयम नहीं खोया निष्पक्ष भाव से लगातार काम में लगी रही। उन्होंने कभी हार नहीं मानी शिक्षक रहीं, क्लर्क रहीं लेकिन जहां रहीं वहां अमिट छाप छोड़ी।
ऐसा भव्य स्वागत मेरी जिंदगी में पहली बार हुआ: द्रोपदी मुर्मू
राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने कहा भारत के हृदय मध्य प्रदेश में जिस तरह आज मेरा स्वागत हुआ ऐसा भव्य स्वागत मेरी जिंदगी में पहले कभी नहीं हुआ, इसको मैं कभी नहीं भूल पाऊंगी। शिवराज सिंह यहां के चार बार के मुख्यमंत्री हैं, यह राज्य हमारा है इसलिए इस राज्य का सहयोग, समर्थन मुझे मिलेगा।
हार के डर से कांग्रेसी आरोप लगा रहे: सीएम
सीएम शिवराज ने कहा कल यशवंत सिन्हा भोपाल आए थे। कांग्रेस के लोगों ने अनर्गल बातें की हैं, इसलिए मैं जिक्र कर रहा हूं। बीजेपी तो शुद्ध रूप से अपना काम करती है। कहा जा रहा कि बीजेपी वाले किसी को प्रलोभन, खरीदने की बात कर रहे। अरे यहाँ तो पहले से ही इतने वोट है कि प्रलोभन का कोई प्रश्न ही पैदा नहीं होता, पूरा देश तो दीदी के साथ खड़ा हुआ है।