कांग्रेस पार्टी नहीं बल्कि इवेंट मैनेजमेंट कंपनी हैः भूपेंद्र सिंह

भोपाल। शिवराज सरकार के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस को लेकर बड़ा बयान दिया है। भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस को पार्टी के बजाय एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में एक अध्यक्ष और 4 कार्यकारी अध्यक्ष के साथ ही 1 हजार महामंत्री, 2 हजार उपाध्यक्ष, 4 हजार मंत्री है। कांग्रेस में कितने भी कार्यकारी अध्यक्ष बन जाएं उन्हें पूछता कौन है। उन्होंने कांग्रेसियों को नसीहत दी है कि जिसे एमपी कांग्रेस में रहना है वह लोग कमलनाथ की सेवा, भक्ति करें।
मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कमलनाथ कांग्रेसियों को सलाह दे रहे हैं कि कांग्रेस का संगठन भी बीजेपी जैसा होना चाहिए। उन्हें याद रखना चाहिए कि बीजेपी एक वैचारिक संगठन है, बीजेपी संगठन के पीछे एक विचारधारा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में कोई विचारधारा नहीं है इसलिए कांग्रेस का संगठन कभी बीजेपी की तरह नहीं हो सकता। कांग्रेस नेताओं की पार्टी हैं जबकि बीजेपी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। हमारे यहां बड़े से बड़ा नेता अपने आप को कार्यकर्ता मानता है और पार्टी उसकी जो भूमिका तय करती है वह उसे स्वीकार करता है, कांग्रेस में एक परिवार के आधार पर पार्टी चलती है और उस परिवार के प्रति जिसकी आस्था होती है उसे ही कांग्रेस में स्थान मिलता है।