निकाय चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार, 46 में से 38 सीटों पर बीजेपी ने फहराया परचम

भोपाल। मध्य प्रदेश में 46 नगरीय निकायों के चुनाव परिणाम में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिलने पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद वीडी शर्मा ने मतदाताओं का आभार जताया है। वीडी शर्मा ने इस जीत को भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम बताया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा 46 नगरीय निकायों के चुनाव में मतदाताओं ने भारतीय जनता पार्टी को 38 नगरीय निकायों में जीत का आशीर्वाद देकर केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर एक बार फिर मोहर लगा दी है। जनजातीय क्षेत्रों में जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उनका विश्वास भारतीय जनता पार्टी पर है। केन्द्र और राज्य सरकारों की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। हर बूथ तक सरकार की योजनाएं पहुंची हैं, जिसके परिणाम स्वरूप 46 नगरीय निकाय चुनाव में एकतरफा भाजपा की जीत हुई। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गृह जिले छिंदवाड़ा में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। कमलनाथ के विधानसभा क्षेत्र की सौंसर नगरपालिका में 14 में से 13 सीटें भाजपा ने जीती हैं। 46 नगरीय निकायों में से कई स्थानों पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। खुरई और गढाकोटा नगरपालिका परिषद में भारतीय जनता पार्टी के सभी पार्षद प्रत्याशी विजयी हुए हैं। यहां भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ है।
भाजपा ने आदिवासी बाहुल्य निकायों में ऐतिहासिक जीत हासिल की: शर्मा
वीडी शर्मा ने बताया कि जनजातीय भाई-बहनों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए जीत का आशीर्वाद दिया है। इस ऐतिहासिक जीत से स्पष्ट है कि जनजातीय, युवा, महिलाओं सहित हर वर्ग भाजपा से जुड़ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव में विजय हुए लोगों कोविजयी हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि जीत के साथ ही हमारी जनता के प्रति जवाबदेही और बढी है पूर्ण निष्ठा के साथ हमें जनता की सेवा में जुटना है।