सीएम शिवराज ने किया कन्या पूजन, लाडलियों को अपने हाथों से कराया भोजन

भोपाल। मध्य प्रदेश की बेटियों के मामा शिवराज ने मंगलवार को अपने निवास पर विधि विधान से नवमी के दिन लाडली कन्याओं का पूजन किया। साथ ही उन्होंने अपने निवास पर स्थित मंदिर में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का विधि विधान से पूजन किया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

जानकारी के अनुसार नवमी के पावन दिन पर सीएम शिवराज हाउस में कन्या पूजन का कार्यक्रम रखा गया। सीएम ने सपत्नीक हवन पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने स्वयं कन्याओं को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनका पूजन किया। इसके बाद सीएम ने कन्याओं को वस्त्र और चॉकलेट भेंट कर आशीर्वाद लिया। सीएम शिवराज ने बताया कि पूरे देश और मध्य प्रदेश में अद्भुत आनंद के साथ मां दुर्गा की पूजा और अर्चना कर नवरात्रि का पावन पर्व मनाया गया है। 9 दिनों तक मां के भक्तों ने दिन और रात मां दुर्गा की सेवा की है। आज मां दुर्गा से एक ही प्रार्थना है कि वह जनता पर कृपा और आशीर्वाद की वर्षा करें, सबका मंगल हो और सभी निरोग रहें।