CM शिवराज और भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने छतरपुर जाकर पूर्व मंत्री रामदयाल अहिरवार को दी श्रद्धांजलि

भोपाल- भारतीय जनता पार्टी के नेता, मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री रामदयाल अहिरवार के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान , भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने छतरपुर जिले के महाराजपुर पहुँचकर उनकी पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा स्वर्गीय रामदयाल अहिरवार जी लोकप्रिय नेता और समर्पित जनसेवक थे। वह भारतीय जनता पार्टी के ऐसे कार्यकर्ता थे, जिन्होंने बचपन से पार्टी के काम को विस्तार देने के लिए स्वयं को समर्पित कर दिया था।वह संघ के स्वयंसेवक व समाजसेवी थे। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने अनेक उल्लेखनीय कार्य किये। वह 6 बार विधायक रहे, उनके बारे में कहा जाता था कि वह परमानेंट विधायक हैं। मैं उनके श्री चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूँ। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना करता हूँ कि वह दिवंगत आत्मा को शांति दें और उनके परिवार को गहन दु:ख सहन करने की क्षमता प्रदान करें।
भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि छतरपुर समेत बुंदेलखंड में भाजपा को मजबूत करने वाले श्रद्धेय रामदयाल अहिरवार जी का निधन मप्र के लिए अपूर्णीय क्षति है। भाजपा परिवार की ओर से उनके श्रीचरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनके परिजनों व समर्थकों को ये दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।