राहुल गांधी को भगवान बताने पर भड़के सारंग, बोले: भगवान के विरोधियों को जबरन महिमामंडित कर रहे कांग्रेसी

भोपाल। राजस्थान और महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं द्वारा राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से करने के बाद अब रॉबर्ट वाड्रा ने भी बचकाना बयान दे दिया है। रॉबर्ट वाड्रा ने राहुल गांधी की तुलना साईं बाबा से कर दी है। रविवार को महाराष्ट्र के अहमदनगर में साईं बाबा के मंदिर पहुंचे रॉबर्ट वाड्रा ने कहा था कि राहुल गांधी की सोच साईं बाबा के समान है। मामले में अब बीजेपी नेताओं का कहना है कि जो लोग भगवान, हिंदू धर्म के विरोधी हैं उन्हें अब कांग्रेसी भगवान साबित करने के लिए जनता में भ्रम फैला रहे हैं।
सोमवार को मीडिया से बातचीत में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि कभी राजस्थान के मंत्री राहुल गांधी को राम कहते हैं, तो वहीं अब रॉबर्ट वाड्रा उन्हें साईं बाबा कहने लगे हैं। कांग्रेसी अब गांधी परिवार को भगवान के रूप में स्थापित करने के चक्कर में है। जो लोग भगवान को नहीं मानते उन लोगों को कांग्रेस में भगवान बनाने की कोशिश की जा रही है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी यह लोग कभी भगवान को नहीं मानते, हिंदू धर्मावलंबी नहीं है। यह लोग केवल चुनाव के समय अपने आपको हिंदू साबित करने की कोशिश करते हैं। मंत्री विश्वास सारंग ने सवाल उठाया कि रॉबर्ट वाड्रा पहले यह तो बता दें कि क्या वह हिंदू धर्म को मानते हैं। ये लोग केवल फोटो की राजनीति करते हैं, प्रियंका गांधी तो साफ कमरे में झाड़ू लगाती हैं और फोटो वायरल करती हैं। इतने वर्षों में एक बार भी क्या राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की रक्षाबंधन मनाते, दीपावली या कोई और त्योहार में पूजा करते की फोटो देखी गई क्या। जो लोग राम को अपशब्द कहते हैं उनको भगवान बनाने की कोशिश कर रही है कांग्रेस।