पीएम मोदी के जन्मदिन पर सीएम शिवराज का ऐलान: सेवा के महायज्ञ के रूप में मनेगा पीएम का जन्मदिन

- पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलवाने चलेगा अभियान
भोपाल। जिन अफ्रीकन चीतों का मध्य प्रदेश की जनता को एक माह से बेसब्री से इंतजार था उन्हें अब थोडी ही देर में पीएम मोदी कूनो नेशनल पार्क में छोडेंगे। बताया जा रहा है कि ये चीते एक तरह से श्योपुर और कूनो के लिए वरदान साबित होंगे क्योंकि इनके आने से वहां बहुत तेजी से टूरिज्म बढ़ेगा। वहीं आज देश भर में विभिन्न आयोजनों के माध्यम से पीएम मोदी का जन्मदिन बहुत बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। आज मध्यप्रदेश में हर पंचायत, नगर और वार्ड में पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीएम मोदी को उनके जन्मदिन पर मध्य प्रदेश की साढ़े 8 करोड़ जनता की ओर से अनंत शुभकामनाएं। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। वह दुनिया को दिशा दिखा रहे हैं, वह भारत की जनता के कल्याण के लिए काम तो कर ही रहे हैं। विश्व का कल्याण हो इस मूलमंत्र पर भी पीएम मोदी काम कर रहे हैं। आज मध्य प्रदेश का सौभाग्य है कि वह अपने जन्मदिन के दिन मध्यप्रदेश में रहेंगे। पीएम मोदी के जन्मदिन पर इससे बड़ी सौगात और कोई नहीं हो सकती कि अफ्रीका के नामीबिया से मध्य प्रदेश के कूनो पालपुर चीते लाए जाए। चीता देशभर में समाप्त हो गए थे अब फिर से उनके पुनर्स्थापन का ऐतिहासिक काम हो रहा है यह इस सदी की सबसे बड़ी घटना है।
महिला स्व-सहायता समूह के कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम मोदी
सुबह 10:45 बजे कूनो नेशनल पार्क में चीतों को छोड़ने के बाद पीएम मोदी कराहल में आयोजित महिला स्व सहायता समूह के सम्मेलन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की एक लाख बहने प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहेंगी वहीं अलग-अलग स्थानों से 42 लाख बहने भी ग्राम और संकुल केंद्रों से जुड़ेंगी। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी पंचायतों और वार्डों से भी जनता सीधे पीएम मोदी को सुन सकेगी।
पीएम के जन्मदिन पर रोपे जाएंगे 25 लाख पौधे
आज पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा वृक्षारोपण का बड़ा अभियान चलाने जा रहा है। युवा मोर्चा द्वारा प्रदेश भर में 25 लाख पौधे लगाए जाएंगे। महिला स्व-सहायता समूह भी कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं। प्रदेश के दिव्यांग भाई-बहन और बेटेरबेटियों को उपकरणों का वितरण किया जाएगा, आज से सेवा का महायज्ञ शुरू हो रहा है।