आय से अधिक संपत्ति मामले में ईओडब्ल्यू के अधिकारियों को देख भोपाल में क्लर्क ने पीया फिनाइल, अस्पताल में इलाज जारी
- जबलपुर में भी असिस्टेंट इंजीनियर के घर पर ईओडब्लू कर रही पूछताछ
भोपाल। लंबे समय से आय से अधिक संपत्ति की मिल रही शिकायतों के चलते ईओडब्ल्यू की टीम ने बुधवार को जबलपुर और भोपाल में 2 शासकीय कर्मचारियों के यहां दबिश दी है। स्वास्थ विभाग के क्लर्क ने ईओडब्ल्यू की टीम को देखते ही बौखलाहट में फिनाइल पी लिया। टीम ने तत्काल क्लर्क को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। वहीं जबलपुर में नगर निगम के असिस्टेंट इंजीनियर के घर पर ईओडब्ल्यू की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार बैरागढ़ निवासी क्लर्क हीरो केसवानी सतपुड़ा भवन में पदस्थ हैं। ईओडब्ल्यू को लंबे समय से उनके पास आय से अधिक संपत्ति होने की जानकारी मिल रही थी। बुधवार तड़के टीम ने क्लर्क के घर पर दबिश दी। ईओडब्ल्यू की टीम ने घर पर दस्तावेजों की जांच शुरू की तभी क्लर्क ने फिनाइल पी लिया। तबीयत बिगड़ती देख तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
असिस्टेंट इंजीनियर के यहां ईओडब्ल्यू की कार्रवाई जारी
जबलपुर नगर निगम में पदस्थ असिस्टेंट इंजीनियर आदित्य शुक्ला के पास आय से अधिक संपत्ति का इनपुट लंबे समय से ईओडब्ल्यू को मिल रहा था। टीम को आदित्य शुक्ला के पास 3900 और 1500 स्क्वायर फीट के दो आलीशान मकान के दस्तावेज मिले हैं। वहीं तीन लग्जरी कार का मालिक होने की बात सामने आ रही है। ईओडब्ल्यू की टीम असिस्टेंट इंजीनियर से इतनी संपत्ति कैसे जुटाई इसके साक्ष्य मांग रही है।