कांग्रेस ने जनता का हक और अधिकार छीना, बीजेपी ने विकास किया: वीडी शर्मा
सागर। नगरीय निकाय चुनाव के मतदान से पहले बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं और पन्ना प्रमुखों को चार्ज करने में जुट गई। आज सागर में बीजेपी के पन्ना प्रमुखों के लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सांसद मनोज तिवारी, मंत्री भूपेंद्र सिंह, गोविंद सिंह ने पन्ना प्रमुखों को पूरी ताकत के साथ बीजेपी प्रत्याशियों को जिताने के लिए कहा।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि सागर से मेरा पुराना नाता रहा है। मैंने सागर में वर्षों तक लोगों के बीच काम किया और बहुत कुछ सीखा। पन्ना प्रमुख बूथों की हमारी ताकत है। त्रिपुरा, नागालैंड में पन्ना प्रमुखों की सक्रियता के चलते ही बीजेपी की जीत हुई। सीएम शिवराज और हम सब लोग बूथों पर गए थे और हमने प्रत्येक बूथ पर चुनाव में विजय का संकल्प लिया था। हर बूथ पर 50 प्रतिशत से ज्यादा मत लाने का काम हमारे बूथ के पन्न प्रमुख करते हैं। कमलनाथ और दिग्विजय प्रदेश को गर्त में ले जाना चाह रहे थे। हमने गरीबी हटाने का नारा नहीं दिया, बल्कि हर गरीब का जीवन बदलने का काम किया।
दिग्विजय सिंह प्रदेश को गर्त में ले गए थे: वीडी शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में 2003 तक प्रदेश की दुर्दशा सबको याद है। प्रदेश को गर्त में ले जाने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया था। दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश का बंटाधार कर दिया था। शिवराज सिंह के राज में मध्यप्रदेश आगे बढ़ा, बीमारू राज्य से विकसित राज्य बना। कांग्रेस सरकार ने तो आम जनता के हक और अधिकार को छीनने का काम किया था।